Uttarakhand: डॉक्टरों के सेवानिवृत्ति की उम्र 60 से बढ़ाकर 65 करने का आदेश, प्रदेश के 550 विशेषज्ञ डॉक्टरों को मिलेगा लाभ
- ANH News
- 8 फ़र॰
- 1 मिनट पठन

उत्तराखंड में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवानिवृत्ति आयु सीमा बढ़ाकर 65 वर्ष कर दी गई है। इससे प्रदेश के करीब 550 डॉक्टरों को लाभ मिलेगा और ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा। स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं में होगा सुधार
सरकार का मानना है कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं बढ़ाने से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। विशेष रूप से ग्रामीण इलाकों में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा। स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार जनता को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी के तहत यह निर्णय लिया गया है।
सेवा विस्तार की शर्तें
60 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर विशेषज्ञ डॉक्टरों को विकल्प देना होगा।
सेवा विस्तार पाने वाले डॉक्टरों को मुख्य परामर्शदाता के रूप में तैनात किया जाएगा।
उन्हें केवल चिकित्सकीय सेवाएं देने की अनुमति होगी, प्रशासनिक कार्यभार और वित्तीय जिम्मेदारियां नहीं दी जाएंगी।
इस दौरान पदोन्नति नहीं होगी, लेकिन वेतन वृद्धि एवं अन्य सरकारी सेवा लाभ मिलते रहेंगे।