राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड का जलवा बरकरार, पदक तालिका में सातवें स्थान पर
- ANH News
- 10 फ़र॰
- 2 मिनट पठन

राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। रविवार को राज्य ने एक स्वर्ण सहित कुल सात पदक अपने नाम किए, जिससे वह पदक तालिका में मजबूती से सातवें स्थान पर बना हुआ है।
मॉडर्न पेंटाथलान में आदित्य नेगी का स्वर्णिम प्रदर्शन
उत्तराखंड के आदित्य नेगी ने मॉडर्न पेंटाथलान की पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया। इसके अलावा, टीम इवेंट में भी आदित्य नेगी ने रजत पदक जीता। उनके साथ कंचन नेगी और ऋषभ मिंगवाल ने भी रजत पदक हासिल किया।
शूटिंग और नेटबॉल में भी चमका उत्तराखंड
शूटिंग स्पर्धा में आर्या त्यागी ने कांस्य पदक जीतकर राज्य के लिए एक और उपलब्धि जोड़ी। वहीं, नेटबॉल में भी उत्तराखंड का प्रदर्शन सराहनीय रहा। पुरुष टीम को फाइनल में हरियाणा से 74-71 से हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा, जबकि महिला वर्ग में कांस्य पदक मिला। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में उत्तराखंड और तेलंगाना का स्कोर 42-42 रहने के कारण दोनों टीमों को संयुक्त रूप से कांस्य पदक दिया गया।
अब तक 69 पदक जीत चुका है उत्तराखंड
राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने अब तक कुल 69 पदक जीते हैं, जिसमें 15 स्वर्ण, 24 रजत और 30 कांस्य शामिल हैं। राज्य के लिए ताइक्वांडो, वुशु और बॉक्सिंग में प्रदर्शन सबसे शानदार रहा है।
ताइक्वांडो: 2 स्वर्ण सहित 12 पदक
बॉक्सिंग: 3 स्वर्ण सहित 5 पदक
वुशु: 1 स्वर्ण सहित 12 पदक
राष्ट्रीय खेलों की पदक तालिका में सर्विसेज टीम शीर्ष पर
राष्ट्रीय खेलों की पदक तालिका में सर्विसेज की टीम 42 स्वर्ण सहित 71 पदकों के साथ पहले स्थान पर बनी हुई है। कर्नाटक 31 स्वर्ण और 62 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि महाराष्ट्र 29 स्वर्ण और 118 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है। उत्तराखंड लगातार अपने प्रदर्शन में सुधार कर रहा है और पदक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है।